मोरहाबादी में सीएम हेमंत सोरेन ने फहराया तिरंगा

  • Aug 15, 2026
Khabar East:CM-Hemant-Soren-hoisted-the-Tricolour-at-Morhabadi
रांची,15 अगस्तः

राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में सीएम हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। स्वाधीनता दिवस के मौके पर ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान एक बार फिर राष्ट्र भावना से ओतप्रोत हो उठा। इस मौके पर पहली बार राष्ट्रीय गीत का गायन हुआ। राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधायक कल्पना सोरेन सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित राजकीय समारोह में पुलिस पैरेड आकर्षण का केंद्र रहा। 14 प्लाटून के जवान ने परेड प्रस्तुत किया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन का मुख्य अंश छात्रों का चल रहा आंदोलन था। मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा देते हुए कहा कि झारखंड के लाखों युवा आज अपने सपनों को साकार करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, उनके माता-पिता अपनी क्षमता से बढ़कर उन्हें पढ़ा रहे हैं, इसलिए हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है कि उनकी मेहनत का सम्मान हो और उनकी प्रतिभा को न्याय मिले। मैं जानता हूं कि पिछले कुछ समय से भर्ती परीक्षाओं को लेकर प्रश्न उठे हैं और जब परीक्षा व्यवस्था पर संदेह पैदा होता है तो केवल एक परीक्षा प्रभावित नहीं होती बल्कि पूरी एक पीढ़ी का विश्वास प्रभावित होता है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के प्रत्येक विद्यार्थी को मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपकी मेहनत को किसी माफिया, किसी भ्रष्ट तंत्र और किसी अनियमितता के भरोसे नहीं छोड़ा जाएगा। देश के अनेक राज्यों और कई राष्ट्रीय परीक्षाओं में भी प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा संबंधी गंभीर अनियमितता सामने आई है। यह पूरे देश के सामने एक गंभीर चुनौती है लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि दूसरे राज्यों में क्या हुआ उससे झारखंड की जिम्मेदारी कम नहीं हो जाती।

 किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे किसान केवल अन्नदाता नहीं बल्कि हमारे राज्य की अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है। हमने किसानों को सिंचाई, बीज, समर्थन मूल्य, कृषि यंत्रीकरण और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से मजबूत करने का प्रयास किया है। राज्य में कृषि और बागवानी जैसे छात्रों को प्रोत्साहित कर अर्थव्यवस्था में विविधता लाने का प्रयास किया जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: