मध्य प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में सात ओडिया श्रद्धालुओं की मौत पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से मृतकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ ओडिशा लाने की व्यवस्था करने को कहा है। सीएम माझी ने शोक संतप्त परिवारों को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में ओडिशा सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मध्य प्रदेश में हुए हादसे में ओडिया पर्यटकों की दुखद मौत से बेहद दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। मैंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने और मृतकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ ओडिशा लाने के निर्देश दिए हैं। दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।”
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के आगर-मालवा ज़िले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बारिश से उफनते नाले में कार बह जाने से तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि मरने वाले ओडिशा के रहने वाले थे और मंदिर के दर्शन के लिए उज्जैन से नलखेड़ा आए थे।
यह हादसा तब हुआ जब कार तेज़ बहाव के बीच मंदिर के पास उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रही थी।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि ड्राइवर ने शायद जल्दबाज़ी में नाला पार करने की कोशिश की, जिसके बाद गाड़ी पानी के तेज़ बहाव में बह गई।