मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर नितिन नवीन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री माझी ने नितिन नवीन की प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह नियुक्ति संगठन में उनके निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री माझी ने लिखा “हमें विश्वास है कि वह अपनी नई जिम्मेदारी में पार्टी को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे।” उन्होंने नितिन नवीन को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि इस नियुक्ति को पार्टी की संसदीय बोर्ड की मंजूरी प्राप्त हुई है। नितिन नवीन वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री हैं। वह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का स्थान लेंगे, जो जनवरी 2020 से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे हैं।