रथयात्रा तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

  • Jul 06, 2026
Khabar East:CM-Majhi-Reviews-Rath-Yatra-Preparations-Calls-For-Flawless-Festival
पुरी,06 जुलाईः

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को पुरी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर इस वर्ष की पुरी रथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों, सेवायतों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित कर विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा का सुचारु, सुरक्षित और त्रुटिरहित आयोजन कराने के निर्देश दिए। पुरी टाउन हॉल में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ महाप्रभु के आशीर्वाद से प्रशासन को अपने अनुभव और विशेषज्ञता का पूरा उपयोग करते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि रथ यात्रा सुरक्षित और सफल ढंग से संपन्न हो सके।

 उन्होंने बताया कि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, परिवहन और यातायात नियंत्रण के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। साथ ही अधिकारियों को पिछले दो वर्षों के अनुभवों से सीख लेते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए।

 बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुरी जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित 'रूपरेखारथ यात्रा 2026' पुस्तिका का विमोचन भी किया, जिसमें रथ यात्रा की सभी तैयारियों का विवरण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं तक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से समय पर सभी आवश्यक सूचनाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने चेतावनी भी दी कि रथ यात्रा के दौरान अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पिछले वर्ष जैसी कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो। उन्होंने कॉर्डन पास के वितरण पर सख्ती बरतने और निर्धारित संख्या से अधिक पास जारी न करने के निर्देश दिए। साथ ही केवल सेवायतों और रथ यात्रा प्रबंधन से सीधे जुड़े लोगों को ही प्रवेश देने को कहा।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान पूरी दुनिया की नजर पुरी पर रहेगी। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 वहीं, इस संबंध में मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बताया कि रथ यात्रा संचालन की निगरानी के लिए एक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है, जबकि गुंडिचा मंदिर के निकट एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है। रथ यात्रा के दौरान 225 कार्यपालक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, करीब 1,700 अस्थायी शौचालय स्थापित किए गए हैं, जलभराव संभावित 30 स्थानों की पहचान कर वहां जल निकासी की व्यवस्था की गई है तथा स्वास्थ्य विभाग आपात चिकित्सा सेवाओं के लिए आठ अस्थायी अस्पताल स्थापित करेगा।

 समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव, प्रभाति परिडा, मंत्रिमंडल के सदस्य, पुलिस महानिदेशक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर सेवायत, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने रथ यात्रा की तैयारियों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

Author Image

Khabar East

  • Tags: