बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और संवेदना प्रकट करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस साल दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद आई बाढ़ से हुई भारी तबाही, विशेषकर दक्षिण ओडिशा में हुए व्यापक नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास पर इस वर्ष दिवाली का कोई आयोजन नहीं होगा। इस अवसर पर सभी शुभचिंतकों और आम नागरिकों से मुख्यमंत्री आवास पर उपहार या फूलों के गुलदस्ते लेकर नहीं आने का अनुरोध किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने और आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई भारी बारिश और बाढ़ से ओडिशा के दक्षिणी जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इस आपदा में हजारों लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि संपत्तियों और फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।