बिहार के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 10 अक्टूबर 2026 को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत करीब 1.08 करोड़ लाभुकों के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी। नवरात्र से पहले पेंशन की राशि मिलने से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,मुख्यमंत्री ने पटना स्थित 1 अणे मार्ग के संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेंशन की राशि हस्तांतरित की। इस योजना का उद्देश्य पात्र लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है,ताकि वे अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा कर सकें।बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि में बढ़ोतरी करते हुए इसे 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया है।
इससे पात्र बुजुर्गों,विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहायता मिल रही है।त्योहार के समय यह राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मददगार हो सकती है। सरकारी व्यवस्था के तहत पेंशन की राशि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को लाभुकों के बैंक खातों में भेजी जाती है। भुगतान की जानकारी के लिए लाभुक बैंक से प्राप्त एसएमएस देख सकते हैं। इसके अलावा एटीएम,बैंक शाखा या ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के माध्यम से भी खाते का बैलेंस चेक किया जा सकता है।
यदि किसी लाभुक के खाते में राशि नहीं दिख रही है,तो उन्हें बैंक बैलेंस की जांच करनी चाहिए।जरूरत पड़ने पर बैंक या संबंधित ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर भुगतान की स्थिति पता कर सकते हैं। पिछले महीने सितंबर में भी 1।05 करोड़ से अधिक पेंशनधारियों के खातों में राशि भेजी गई थी।