फांसी की सजा पाने वाले तीन आरोपियों को भेजा गया रायपुर केंद्रीय जेल

  • Oct 10, 2026
Khabar East:The-three-accused-sentenced-to-death-have-been-sent-to-Raipur-Central-Jail
सूरजपुर,10 अक्टूबरः

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में फांसी की सजा पाने वाले दोषियों को अलग-अलग जेलों से शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जेल प्रशासन ने तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, आठ अक्टूबर को दोहरे हत्याकांड मामले में सजा सुनाए जाने के बाद जेल प्रशासन ने दोषियों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की। मामले के तीनों आरोपी अलग-अलग जेलों में बंद थे।

इस मामले में आरोपी कुलदीप साहू अंबिकापुर जेल में, फूल सिंह उर्फ रिंकू सूरजपुर जिला जेल में और चंद्रकांत चौधरी कोरिया जेल में निरुद्ध था। अदालत के फैसले के बाद अब दोषियों को रायपुर केंद्रीय जेल भेजा गया। वहीं उम्रकैद की सजा पाने वाले आरोपी आर्यन विश्वकर्मा को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।

 यह मामला 13 अक्टूबर 2024 को तत्कालीन प्रधान आरक्षक की पत्नी और उनकी 11 वर्षीय बेटी की हत्या से जुड़ा है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने तीन आरोपियों को फांसी की सजा और एक अन्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: