ओडिशा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। आज से विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नामांकन पत्र दाखिल करने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद शाम 5 बजे वैध उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
गौरतलब है कि ओडिशा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में आठ साल के अंतराल के बाद छात्र राजनीति की वापसी हो रही है। राज्य में छात्र संघ चुनाव 15 अक्टूबर को होंगे।
कैंपस में हिंसा, आपसी झड़प और शैक्षणिक माहौल प्रभावित होने की आशंका के चलते वर्ष 2017 से नियमित छात्र संघ चुनाव स्थगित थे।
चुनाव की वापसी से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। हालांकि, शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराना संबंधित अधिकारियों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।