राजधानी रांची के सैटेलाइट चौक के पास एचईसी की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के दौरान बुधवार को जमकर बवाल हुआ। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। झड़प में प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी दोनो घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अतिक्रमण हटाने के लिए सुबह से ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। प्रशासनिक टीम लोगों को समझाकर कार्रवाई में सहयोग करने की अपील कर रही थी। इसके बावजूद कई लोग जेसीबी के सामने बैठकर विरोध करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारी जेसीबी पर भी चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें नीचे उतारा, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू हो गया। पथराव के दौरान कई महिला पुलिसकर्मी गिर गईं। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कई बार लाठीचार्ज किया। कार्रवाई के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला किया गया। भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। वहीं बस्तीवासियों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं। अचानक घर तोड़े जाने से उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो जाएगा। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई से पहले वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जिला प्रशासन के आदेश के तहत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, एचईसी की जमीन पर जो भी निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा, उसे आदेश के अनुसार हटाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि जमीन एचईसी की है और जिला प्रशासन को कार्रवाई का आदेश मिला है। इसी आदेश के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।