खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान रेलवे पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 11.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। बरामद गांजा तीन अलग-अलग पैकेटों में रखा हुआ था, जिन्हें आरोपित अपने बैग में लेकर जा रहा था। पुलिस भर्ती देखें गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी संजीव राय (42) के रूप में हुई है। खड़गपुर जीआरपी जिला की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बीती रात खड़गपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या छह पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संजीव राय को संदेह के आधार पर पकड़ा। सरकारी अधिकारी की उपस्थिति में उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन पैकेटों में रखा कुल 11.460 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गांजा कटक रेलवे स्टेशन से लेकर आया था और इसे रुपये के बदले बिहार में पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।