सावन का पवित्र महीना आज (शुक्रवार) से शुरू हो गया है। पहले ही दिन देवघर के बाबा धाम मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पण करने के लिए कतार में लगे रहे। सावन के पहले दिन दिल्ली, मुंबई, नासिक, गोवा, उत्तर प्रदेश और बिहार से भी कई श्रद्धालु देवघर के बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे हैं। पुजारियों के अनुसार, सबसे पहले पुजारी और पंडाओं द्वारा भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा की गई और जलाभिषेक किया गया। इसके बाद सुबह 4:00 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। तब से ही श्रद्धालु बैद्यनाथ धाम स्थित मनोकामना लिंग पर जलाभिषेक करने पहुंच रहे हैं। रात 8:00 बजे तक आम श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे और उसके बाद भगवान भोलेनाथ के ज्योतिर्लिंग का श्रृंगार पूजन किया जाएगा।बाबा मंदिर आए श्रद्धालुओं ने बताया कि पहले दिन को देखते हुए व्यवस्था अच्छी है। भीड़ के कारण थोड़ी परेशानी हो रही है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा मंदिर के आसपास की गई पुख्ता व्यवस्था लोगों की परेशानी कम कर रही है।
श्रावणी मेला शुरू होते ही मंदिर में अर्घा प्रणाली के माध्यम से जलाभिषेक किया जा रहा है। यह व्यवस्था पहले दिन से ही शुरू कर दी गई है। चूंकि श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्पर्श दर्शन संभव नहीं है, इसलिए अर्घा प्रणाली के माध्यम से जलाभिषेक किया जा रहा है।
मंदिर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। देवघर के श्रीराम झा चौक से लेकर मंदिर परिसर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। मंदिर के पुजारियों और छोटे व्यापारियों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल श्रद्धालुओं की भीड़ काफी ज्यादा रहने की उम्मीद है। पहले दिन की भीड़ को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि शाम तक लगभग एक लाख श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे।