बिहार के सीतामढ़ी अंतर्गत आने वाले बाजपट्टी प्रखंड में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। ईओयू की टीम ने बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। टीम एक साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की। छापेमारी के लिए अधिकारियों का बड़ा काफिला पहुंचना इस कार्रवाई की व्यापकता को दर्शाता है। करीब दो दर्जन वाहनों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की आवाजाही और पुलिस बल की मौजूदगी से इलाके में हलचल बनी रही। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टीम किन दस्तावेजों, संपत्तियों या अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है। छापेमारी किस शिकायत अथवा मामले के आधार पर की जा रही है, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ईओयू की इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। छापेमारी वाले ठिकानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न ना हो। अधिकारियों की टीम अपनी कार्रवाई में जुटी हुई है, जबकि पुलिसकर्मी आसपास की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।