संभावित चक्रवात ‘अक्वान’ के खतरे को देखते हुए ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने ओडिशा वन विकास निगम (ओएफडीसी) को तत्काल 11 तटीय और आसपास के जिलों में 100 विशेष टीमें तैनात करने का निर्देश दिया है। इन टीमों को सड़क से गिरे हुए पेड़ों और अन्य अवरोधों को हटाने तथा पेड़ों की कटाई से जुड़े कार्यों के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
ओएफडीसी लिमिटेड, भुवनेश्वर के प्रबंध निदेशक को भेजे गए आपातकालीन पत्र में विशेष राहत आयुक्त ने निगम को निर्देश दिया है कि वह निर्धारित टीमों को तत्काल संबंधित जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (डीईओसी) में रिपोर्ट करने और पूरी परिचालन तैयारी के साथ वहां तैनात रहने के निर्देश जारी करे।
जिलों में टीमों का आवंटन इस प्रकार किया गया है। गजपति और मयूरभंज में पांच-पांच टीमें तैनात की जाएंगी। वहीं, गंजाम, खुर्दा, पुरी, कटक, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा, जाजपुर, भद्रक और बालेश्वर में 10-10 टीमें तैनात होंगी। इस तरह कुल 100 टीमें तैयार रखी गई हैं।
विशेष राहत आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सभी टीमों के पास चेनसॉ, पेड़ काटने के उपकरण, आवश्यक औजार, वाहन और पर्याप्त कर्मचारी होने चाहिए। चक्रवात के दौरान तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण सड़कों पर गिरने वाले पेड़ों तथा वनस्पतियों को तत्काल हटाने के लिए ये टीमें तैयार रहेंगी।
ये टीमें संबंधित जिला कलेक्टरों, अग्निशमन सेवा, लोक निर्माण विभाग और अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगी। इसका उद्देश्य राहत एवं बचाव कार्यों के लिए महत्वपूर्ण मार्गों पर आवागमन सुचारु बनाए रखना और सड़क संपर्क को जल्द से जल्द बहाल करना है, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।
ओएफडीसी को यह भी निर्देश दिया गया है कि सभी टीमें बिना किसी देरी के अपने निर्धारित जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (डीईओसी) में रिपोर्ट करें। इसके अलावा, टीम लीडरों के नाम और संपर्क नंबर संबंधित जिला कलेक्टरों तथा राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) को उपलब्ध कराने होंगे। जिलों की जरूरत के अनुसार तत्काल तैनाती के लिए सभी टीमों को तैयार और उपलब्ध रहना होगा।