चक्रवात ‘अक्वान’ की तैयारियों के लिए ओडिशा में 4 आईएएस अधिकारी तैनात

  • Nov 18, 2026
Khabar East:Odisha-Deploys-4-IAS-Officers-To-Oversee-Cyclone-Akvan-Preparedness
भुवनेश्वर,18 नवंबरः

संभावित चक्रवात ‘अक्वान’ को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बुधवार को तैयारियों, राहत और बहाली कार्यों की निगरानी के लिए चार आईएएस अधिकारियों को अलग-अलग जिलों में तैनात किया है।

सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने निर्धारित जिलों में पहुंचने और अगले आदेश तक वहीं तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।

 आदेश के मुताबिक, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव अरविंद अग्रवाल को पुरी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वाणिज्यिक कर एवं जीएसटी आयुक्त यामिनी षड़ंगी जगतसिंहपुर जिले में तैयारियों की निगरानी करेंगी।

 इसी तरह, मिशन शक्ति विभाग की आयुक्त-सह-सचिव मानसी निंभाल को गजपति जिले में तैनात किया गया है, जबकि ओडिशा लघु उद्योग निगम (OSIC) के प्रबंध निदेशक स्मृति रंजन प्रधान केंद्रापड़ा जिले में तैयारियों की निगरानी करेंगे।

 ये अधिकारी अपने-अपने जिलों में चक्रवात से निपटने की तैयारियों, राहत और बहाली संबंधी गतिविधियों की निगरानी करेंगे। उन्हें जिला प्रशासन के साथ करीबी समन्वय बनाकर काम करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि चक्रवात के खतरे को देखते हुए प्रभावी निगरानी और समय पर जरूरी कदम सुनिश्चित किए जा सकें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: