प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता पद्मश्री प्रकाश राव का निधन, पीएम व सीएम ने जताया दुख

  • Jan 13, 2021
Khabar East:Eminent-social-activist-Padma-Shri-Prakash-Rao-no-more
कटक, 12 जनवरी:

प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता और चाय विक्रेता पद्मश्री डी. प्रकाश राव अब नहीं रहे। यहां एससीबी कोविड अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को उनका निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने शोक प्रकट किया है।

 कटक निवासी राव का 25 दिसंबर को कोविड -19 पॉजिटिव आया था। इसके बाद एससीबी में उनका इलाज चल रहा था। आज शाम 4.30 बजे हृदय गति रुकने के कारण उनका देहांत हो गया। गरीब परिवारों के बच्चों की सहायता को लेकर उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्हें वर्ष 2019 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।

 उल्लेखनीय है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार मन की बात कार्यक्रम में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए उनकी प्रशंसा की थी। पद्मश्री डी. प्रकाश राव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

 पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि श्री डी. प्रकाश राव के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ। उनके द्वारा जो उत्कृष्ट कार्य किए गए हैं वह लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने शिक्षा को सशक्तीकरण के महत्वपूर्ण साधन के रूप में देखा। कुछ साल पहले कटक में हुई उनसे मेरी मुलाकात याद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

 इसी तरह, मुख्यमंत्री नवीन पटनयाक कहा कि परोपकारी पद्मश्री डी. प्रकाश राव के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शिक्षा के माध्यम से बच्चों के जीवन के उत्थान के लिए उनके समर्पण के लिए उन्हें याद किया जाएगा। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के संवेदना।

Author Image

Khabar East

  • Tags: