कामाख्यानगर महिला कॉलेज छात्रा की हत्या मामले में चार गिरफ्तार

  • Mar 22, 2026
Khabar East:Four-Arrested-In-Murder-Of-Kamakhyanagar-Womens-College-Student
ढेंकानाल,22 मार्चः

कामाख्यानगर महिला कॉलेज की 16 वर्षीय प्लस-टू प्रथम वर्ष की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

ढेंकानाल के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने कामाख्यानगर एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बरामद साक्ष्यों की जानकारी दी। मुख्य आरोपी की पहचान कामाख्यानगर थाना क्षेत्र के सांतारापुर गांव निवासी गंगाधर पात्र उर्फ जगा के रूप में हुई है।

 अन्य तीन आरोपियों में कामाख्यानगर थाना क्षेत्र के सान इंदीपुर गांव के चंदन कुमार नायक, सांतारापुर गांव के मदनमोहन पात्र तथा परजंग थाना क्षेत्र के कुमुसी गांव के रसानंद नायक शामिल हैं।

 पीड़िता, जो भुवन थाना क्षेत्र के मार्थापुर की निवासी थी, 19 मार्च 2026 को कॉलेज में परीक्षा देने के बाद लापता हो गई थी। अगले दिन कामाख्यानगर के पास सरुआली जंगल क्षेत्र में उसका क्षत-विक्षत और खून से सना शव बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई।

 जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से अहम साक्ष्य बरामद किए, जिनमें घटना में इस्तेमाल की गई कथित कार, तीन मोबाइल फोन, पीड़िता का खून से सना दुपट्टा और उसका कॉलेज बैग शामिल हैं।

 इस संबंध में कामाख्यानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं — 137(2), 64(2)(L)/66/103(1)/55/238/3(5) — तथा पीड़िता के नाबालिग होने के कारण पॉक्सो अधिनियम की धाराओं 06/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया है। प्रेस वार्ता में ढेंकानाल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कामाख्यानगर एसडीपीओ तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी थी और 48 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: