पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर बिहार के सीमावर्ती जिले कटिहार में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। बंगाल के कई जिले कटिहार से सटे होने के कारण जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरे बॉर्डर इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। कटिहार जिले के कुल 11 प्रमुख स्थानों पर विशेष मिरर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ाते हुए बॉर्डर को लगभग सील कर दिया है। हर वाहन की डिक्की, सीट के नीचे, सामान और संदिग्ध वस्तुओं की जांच मिरर और आधुनिक उपकरणों से की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हथियार, नकदी या आपत्तिजनक सामान की आवाजाही को रोका जा सके।
हाल के दिनों में बंगाल से सटे कटिहार जिले के कई बॉर्डरिंग थाना क्षेत्रों में नशा तस्करी के खिलाफ भी पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों पर नजर रखी है और सीमाई क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
बंगाल चुनाव को लेकर कटिहार पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए बिहार के कटिहार जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल से आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही है तथा अंतरराज्यीय समन्वय के तहत दोनों राज्यों की पुलिस लगातार संपर्क में है।