पश्चिम बंगाल में चुनाव हों और वोटिंग के दौरान हिंसा न हो ऐसा भला कैसे हो सकता है? आज (गुरुवार) बंगाल के पहले चरण की वोटिंग जारी है। इसी दौरान मुर्शिदाबाद में तृणमूल कांग्रेस और हुमायूं कबीर के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। वोटिंग के समय पहले तो सब कुछ सामान्य रूप से ठीक चल रहा था लेकिन मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। दरअसल, वोटिंग के दौरान वोट देने आए लोगों पर देसी बम से हमला कर दिया गया। इस हमले में कुछ वोटर घायल हो गए और पूरे बूथ पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ने लगे। तृणमूल कांग्रेस से अलग हो चुके हुमायूं कबीर और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। हालात काबू में करने के लिए मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर सुरक्षाबलों के साथ भी धक्का-मुक्की की खबरें सामने आईं हैं।
वही, मतदान केंद्र के पास धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम शुरू किया। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त फोर्स भी बुलाई गई, ताकि किसी तरह की और गड़बड़ी न हो। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।