झारखंड पुलिस द्वारा 16 अप्रैल को चौथी बार जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम राज्य के सभी जिलों में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इस संबंध में सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को आदेश जारी किया है। समाधान कार्यक्रम का आयोजन उसी स्थान पर किया जाएगा, जहां पहले भी इसे आयोजित किया गया था। इससे पहले पुलिस ने 10 सितंबर 2024, 18 दिसंबर 2024 और 22 जनवरी 2025 को जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संबंधों को मजबूत करना और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान करना है। पुलिस विभाग द्वारा किए गए इस पहल से आम जनता को अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधिकारियों से साझा करने का अवसर मिलता है।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य :
Ø नागरिकों की पुलिस से संबंधित शिकायतों को प्राप्त करना और उक्त शिकायतों को पंजीकरण करना।
Ø शिकायतों पर पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई की सूचना शिकायतकर्ता को देना।
Ø यदि निर्धारित समय पर कार्रवाई ना हो पाये तो वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना देना।
Ø कार्रवाई योग्य शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान करना।
Ø जिन शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हो सकती, उसकी जानकारी भी शिकायतकर्ताओं को देना।
Ø पुलिस द्वारा बनायी जा रही सर्वोतम पद्धतियों को इन कार्यक्रमों में दिखाना।
Ø नागरिकों की समस्याओं को समझकर पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार करना।