कांवरियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत

  • Aug 14, 2026
Khabar East:Kanwariya-bus-meets-with-accident-two-dead
नवादा,14 अगस्तः

राजधानी पटना के बख्तियारपुर-पटना हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में एक कांवरिया की मौत हो गई, जबकि दूसरा कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज के क्रम में मौत हुई है। घटना खुसरुपुर और फतुहा थाना क्षेत्र की सीमावर्ती क्षेत्र पंगत होटल के समीप की है। कांवरियों से भरी बस की एक क्रेन से टक्कर के बाद यह दुर्घटना हुई। कांवरिया राकेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में छपरा के ग्यासपुर, तेहटी रसुलपुर निवासी 28 वर्षीय शिवपूजन राय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छपरा के अमनौर थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी 60 वर्षीय राजदेव सिंह घायल हो गए थे जिनकी पटना में इलाज के दौरान मौत हुई है।

राकेश कुमार के अनुसार एक बस पर सवार करीब 30 कांवरियों का समूह बाबा धाम गया था। सभी लोग राजगीर होते हुए अपने गांव छपरा लौट रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार की सुबह बख्तियारपुर-पटना हाईवे पर कांवरियों से भरी बस की एक क्रेन से भीषण टक्कर हो गई जिससे दो लोगों की मौत हो गयी। कई लोग घायल हैं।

 हादसे से आक्रोशित कांवरिया मंडली के लोगों ने बस को हाईवे पर खड़ा कर दिया और आवागमन बाधित कर दिया। इसके कारण करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 घटना की सूचना मिलते ही खुसरुपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार दलबल के साथ पहुंचे और आक्रोशित कांवरियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मृतक कांवरिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: