करोड़ों के गिफ्ट का झांसा, महिला से लाखों की साइबर ठगी

  • Jul 11, 2026
Khabar East:Lured-by-promise-of-a-multi-crore-gift-woman-falls-victim-to-cyber-fraud-worth-lakhs
रांची,11 जुलाईः

राजधानी रांची में फेसबुक पर दोस्ती के बाद विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार होने के बाद महिला ने इस संबंध में साइबर अपराध थाना, रांची में एफआईआर दर्ज करवाया गया है। एफआईआर नामकुम की रहने वाली उमा कुमारी ने दर्ज कराया है। एफआईआर के अनुसार 27 मार्च 2026 को फेसबुक पर Dr Sam Cheris नाम के व्यक्ति ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए दोस्ती बढ़ाई और विश्वास जीतने के बाद भारत आने तथा महंगे गिफ्ट भेजने की बात कही। कुछ दिनों बाद महिला को बताया गया कि उनके नाम से भेजा गया पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है। लेकिन उसे छुड़ाने के लिए अलग-अलग मदों में शुल्क जमा करना होगा।

 आरोपी और उसके सहयोगियों ने कभी शिपिंग चार्ज, कभी कस्टम ड्यूटी, एक्सचेंज चार्ज, सिक्योरिटी डिपॉजिट, एयरपोर्ट क्लीयरेंस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, डिलीवरी चार्ज और अन्य शुल्क के नाम पर लगातार पैसे मांगे। पीड़ित महिला ने पार्सल मिलने की उम्मीद में कई बार अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की। हर बार नया बहाना बनाकर अतिरिक्त पैसे की मांग की जाती रही। यहां तक कि आरोपी ने यह भी कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो मामला अंतरराष्ट्रीय हो जाएगा और पार्सल जब्त कर लिया जाएगा। धीरे-धीरे कर महिला ने 5 लाख से ज्यादा की रकम भेज दी। इसके बावजूद जब पार्सल नहीं मिला और आरोपियों ने फिर पैसे की मांग शुरू कर दी, तब महिला को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और फिर साइबर अपराध थाना, रांची में एफआईआर दर्ज कराई।

 साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच शुरू कर दी है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने, विदेश से गिफ्ट या पार्सल भेजने के नाम पर मांगे गए पैसे जमा करने तथा बिना सत्यापन किसी भी खाते में रकम ट्रांसफर करने से बचें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: