बिहार में तबादलों पर बड़ी रोक, सरकार ने जारी किए नए निर्देश

  • Jul 11, 2026
Khabar East:Major-freeze-on-transfers-in-Bihar-government-issues-new-directives
पटना,11 जुलाईः

बिहार सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादले की प्रक्रिया पर बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए फिलहाल सामान्य तबादलों पर रोक लगा दी है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD)की ओर से जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार अब सामान्य परिस्थितियों में किसी भी विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला नहीं किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा और सभी विभागों को इसका पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। सरकार का मानना है कि बार-बार होने वाले तबादलों से प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता प्रभावित होती है और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ता है। ऐसे में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। हाल के महीनों में विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर तबादले किए जा रहे थे। नए निर्देश लागू होने के बाद अब नियमित या सामान्य कारणों से स्थानांतरण नहीं किए जाएंगे। हालांकि,यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी का तबादला अत्यावश्यक प्रशासनिक आवश्यकता,जनहित,न्यायालय के आदेश या विशेष परिस्थितियों में जरूरी होगा,तो सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बाद ही उस पर निर्णय लिया जाएगा।

 सरकार के इस फैसले का असर लगभग सभी विभागों पर पड़ेगा। इससे कर्मचारियों को एक स्थान पर लंबे समय तक कार्य करने का अवसर मिलेगा,वहीं विभागीय कार्यों में निरंतरता भी बनी रहेगी। माना जा रहा है कि यह कदम प्रशासनिक सुधार और सुशासन की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि नए आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। अब बिना निर्धारित प्रक्रिया और उचित कारण के किसी भी कर्मचारी या अधिकारी का तबादला नहीं किया जाएगा। बिहार सरकार के इस फैसले को राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में स्थिरता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: