पश्चिम बंगाल के हावड़ा के अंदुल मौड़ी इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इमारत की चौथी मंजिल से आग और घना धुआं निकलता देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आग की चपेट में आने के बाद फ्लैटों के अंदर कई निवासी फंस गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दमकल और पुलिस की टीम ने अभियान शुरू किया। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। आखिरी जानकारी मिलने तक आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका था।
आग बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर लगी। आग लगने के बाद पूरे आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई। इमारत के भीतर फंसे अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश लगातार जारी रही।
पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। उनका प्रयास है कि भवन के अंदर मौजूद सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए। आग लगने की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है।