बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर गहमा-गहमी बढ़ गई है। 30 जुलाई को वोटिंग होनी है। ऐसे में तमाम राजनीतिक दल के नेता अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के दावा कर रहे हैं। इसी कड़ी में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ.दिलीप जायसवाल ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता कमल निशान पर बटन दबाकर नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएगी। दिलीप जायसवाल ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान लोगों का रुझान लगातार बीजेपी के पक्ष में देखने को मिला है और जनता ने पार्टी के समर्थन में मन बना लिया है। अब गुरूवार को बांकीपुर की जनता तय करेगी किस दल का रहेगा कब्जा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के विधायक रहे नितिन नवीन को बीजेपी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य बनाकर सम्मान दिया है,जिसके लिए क्षेत्र की जनता पार्टी के प्रति कृतज्ञ है। उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी का विधायक बांकीपुर से चुना जाता है तो नितिन नवीन और नीरज सिन्हा मिलकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाएंगे। वहीं,मंत्री डॉ.दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि विपक्ष भ्रामक प्रचार के जरिए मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता शिक्षित और जागरूक है और सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे भ्रामक संदेशों को अच्छी तरह समझती है। डॉ. दिलीप जायसवाल ने विश्वास जताया है कि बांकीपुर की जनता बीजेपी के पक्ष में मतदान करेगी।