नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्ड़ी के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सल डम्प का पता लगाकर बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। डम्प से करीब 3 किलो 500 ग्राम पैंगोलिन का शल्क भी बरामद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्ड़ी जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को जंगल में संदिग्ध नक्सल डम्प दिखाई दिया। सुरक्षा बलों ने मौके की तलाशी ली तो स्टील के टिफिन में करीब साढ़े तीन किलो पैंगोलिन का शल्क मिला। इसके अलावा डम्प से स्टील का टिफिन और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। सुरक्षा बलों ने बरामद सामान को सुरक्षित रूप से थाने लाकर विधिवत जब्त कर लिया है।
पैंगोलिन के शल्क की बरामदगी की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है। मामले में वन विभाग की ओर से आगे की जांच की जा रही है। जांच के बाद पैंगोलिन के शल्क से जुड़े अन्य तथ्यों और इसके संभावित इस्तेमाल या तस्करी से संबंधित जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
कांकेर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों पर दबाव बढ़ रहा है और जंगलों में छिपाकर रखे गए डम्प को भी तलाशकर नष्ट या जब्त किया जा रहा है।
एएसपी राकेश कुमार कुर्रे ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई जारी है। संयुक्त टीमों द्वारा संवेदनशील इलाकों में सघन सर्चिंग की जा रही है, जिससे नक्सली गतिविधियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, पैंगोलिन शल्क की बरामदगी के संबंध में वन विभाग को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।