ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित सभी विधायकों को संविधान के सिद्धांतों और मूल्यों को बनाए रखने की शपथ दिलाई।
विधानसभा हॉल के मुख्य प्रवेश द्वार के पास आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुनाई। इस दौरान मौजूद सभी विधायकों ने उनके साथ प्रस्तावना को दोहराया। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम, बीजद के वरिष्ठ विधायक गणेश्वर बेहरा और संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिग सहित अन्य विधायक मौजूद थे।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने भी संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की प्रति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में याद दिलाया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। उन्होंने संविधान के निर्माण में योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से इन आदर्शों और कर्तव्यबोध के साथ समृद्ध ओडिशा तथा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
नवीन पटनायक ने भी अपने संदेश में संविधान का मसौदा तैयार करने वाले दूरदर्शी व्यक्तित्वों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके ज्ञान और दूरदर्शिता ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को एक मजबूत मार्गदर्शक ढांचा प्रदान किया और अपार विविधताओं वाले देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया।
उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक सिद्धांतों, न्याय और समानता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने तथा मौलिक कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने भी प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता को फिर से मजबूत करने की अपील की।