ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने कुलाधिपति (चांसलर) के रूप में अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए सोमवार को राज्य के 14 विश्वविद्यालयों के लिए कुलपतियों की नियुक्ति की। यह नियुक्तियां ओडिशा विश्वविद्यालय अधिनियम, 1989 की धारा 6 की उपधारा (1) के प्रावधान के तहत की गई हैं।
लोक भवन द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रो. संतोष कुमार त्रिपाठी को फकीर मोहन विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है, जबकि प्रो. अर्क कुमार दास महापात्र को रेवेंशॉ विश्वविद्यालय और प्रो. चंडी प्रसाद नंद को उत्कल विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। प्रो. संजय कुमार पात्र को धरणीधर विश्वविद्यालय का नेतृत्व सौंपा गया है और प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के कुलपति होंगे।
विज्ञप्ति में आगे बताया गया कि प्रो. असिमा साहू को खल्लिकोट यूनिटरी विश्वविद्यालय, प्रो. शिवराम त्रिपाठी को मधुसूदन लॉ विश्वविद्यालय तथा प्रो. पवन कुमार अग्रवाल को मां माणिकेश्वरी विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. महेंद्र कुमार मोहंती महाराजा श्रीराम चंद्र भंज देव विश्वविद्यालय का नेतृत्व करेंगे, जबकि प्रो. ज्योत्स्ना के.बी. राउत को रमा देवी महिला विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। प्रो. विभूति भूषण मलिक को राजेंद्र विश्वविद्यालय और प्रो. प्रभात कुमार महापात्र को श्री जगन्नाथ संस्कृत विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, प्रो. हृषिकेश सेनापति को विक्रम देव विश्वविद्यालय तथा प्रो. सत्यानारायण आचार्य को ओड़िया विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।
कुलाधिपति ने सभी नवनियुक्त कुलपतियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राज्य में शैक्षणिक नेतृत्व को मजबूत करने और उच्च शिक्षा के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।