ओडिशा व जापान के तोत्तोरी प्रांत के बीच स्टार्टअप साझेदारी की पहल

  • Nov 10, 2026
Khabar East:Odisha-Japans-Tottori-Prefecture-Explore-Startup-Collaboration
भुवनेश्वर,10 नवंबरः

ओडिशा और जापान के तोत्तोरी प्रांत के बीच स्टार्टअप और कारोबारी सहयोग बढ़ाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। मंगलवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भुवनेश्वर स्थित ओ-हब में स्टार्टअप ओडिशा का दौरा किया। इस दौरान दोनों क्षेत्रों के उद्यमों के बीच साझेदारी और व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा हुई।

 इस अवसर पर ओडिशा के स्टार्टअप सस्टेनेबिलिटी लीडर्स ओडिशा प्राइवेट लिमिटेड और जापान की कंपनी ONESTRUCTION Inc. के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के उद्यमों के बीच कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देना है। यह समझौता 30 जुलाई 2026 को जापानी प्रतिनिधिमंडल के ओडिशा दौरे के दौरान हुई शुरुआती बातचीत का परिणाम है।

 प्रतिनिधिमंडल में तोत्तोरी सरकार के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम विभाग के महानिदेशक तोरू सासाकी, सैन-इन गोडो बैंक के निदेशक योशियोका और तोत्तोरी प्रीफेक्चरल इंडस्ट्रियल प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष काजुहिको इकेदा सहित जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल थे।

 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएसएमई तथा मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग से उद्यमिता और कारोबारी अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं, एमएसएमई विभाग की आयुक्त-सह-सचिव एवं स्टार्टअप ओडिशा की अध्यक्ष रश्मिता पंडा ने स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

 इस दौरान ओडिशा के स्टार्टअप्स ने अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन किया। साथ ही, ओडिशा के स्टार्टअप्स और तोत्तोरी की कंपनियों के बीच B2B बैठकें हुईं, जिनमें कृषि, निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विनिर्माण, सतत विकास और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में संभावित साझेदारी और बाजार के अवसरों पर चर्चा की गई।

 इस पहल से ओडिशा के स्टार्टअप्स को जापानी बाजार तक पहुंच बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: