ओडिशा सरकार ने कृषि शिक्षा को जमीनी स्तर की कृषि विस्तार सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विस्तारित ‘कृषि उन्नत सहयोगी’ (KUS) इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत राज्य के सभी 314 ब्लॉकों में कृषि और उद्यानिकी के अंतिम वर्ष के 964 छात्रों को तैनात किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री एवं कृषि एवं किसान सशक्तीकरण मंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने भुवनेश्वर स्थित ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी (OUAT) के कृषि शिक्षा सदन कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विशेष समारोह में कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वर्ष 2023 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम का विस्तारित संस्करण अक्टूबर से दिसंबर तक तीन महीने चलेगा। इसे राज्य के सभी 30 जिलों में लागू किया जाएगा और प्रत्येक ब्लॉक में करीब दो से तीन छात्र सहयोगी तैनात किए जाएंगे।
चयनित छात्र सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम पंचायत स्तर के कृषि विस्तार कर्मियों के साथ काम करेंगे। उनकी जिम्मेदारियों में ई-पेस्ट (e-Pest) और नेशनल पेस्ट सर्विलांस सिस्टम (NPSS) जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से फसलों में कीट एवं रोगों की निगरानी करना शामिल होगा।
छात्र सरकारी योजनाओं और मोबाइल एप्लीकेशन के बारे में किसानों को जागरूक करेंगे। साथ ही, वे किसानों की समस्याओं, सफलता की कहानियों और सुझावों को दर्ज करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर कृषि विस्तार सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।
इंटर्न की गतिविधियों और प्रदर्शन की डिजिटल निगरानी KUS ऐप के माध्यम से की जाएगी, जबकि ADAPT डैशबोर्ड के जरिए इसकी मॉनिटरिंग होगी। ब्लॉक कृषि अधिकारी और सहायक कृषि अधिकारी हर सप्ताह इंटर्न के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
तीन महीने की इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले प्रत्येक छात्र को 21,000 रुपये का स्टाइपेंड और संबंधित मुख्य जिला कृषि अधिकारी (CDAO) की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
सिंह देव ने कहा कि यह पहल एक मजबूत कृषि विस्तार नेटवर्क तैयार करने में मदद करेगी और छात्रों को किसानों की जमीनी समस्याओं का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। विभाग के अनुसार, बाद में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले पांच छात्र अपने क्षेत्रीय अनुभव और सीख को सार्वजनिक रूप से साझा करेंगे।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में कृषि एवं किसान सशक्तीकरण विभाग के आयुक्त-सह-सचिव सचिन रामचंद्र जाधव,ओयूएटी के कुलपति प्रो. प्रभात कुमार राउल, कृषि निदेशक शुभम सक्सेना, उद्यानिकी निदेशक कलुंगे गोरख वामन, सोआ के कुलपति प्रो. प्रदीप्त कुमार नंदा और उपमुख्यमंत्री के निजी सचिव गणेश्वर जेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।