झारपड़ा सेंट्रल जेल में एक और कैदी के एचआईवी संक्रमित पाए जाने से चिंता बढ़ गई है। इस नए मामले के सामने आने के बाद जेल में एचआईवी संक्रमित कैदियों की कुल संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, खंडगिरि थाना पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत से उसे न्यायिक हिरासत में झारपड़ा सेंट्रल जेल भेजा गया। जेल में प्रवेश से पहले निर्धारित नियमों के तहत उसका अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण और मेडिकल स्क्रीनिंग की गई। इसी जांच के दौरान वह एचआईवी पॉजिटिव पाया गया।
इससे पहले झारपड़ा सेंट्रल जेल में आठ कैदियों के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी थी। नए मामले के बाद संक्रमित कैदियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
जेल प्रशासन ने बताया कि नए एचआईवी संक्रमित कैदी को भी अन्य संक्रमित कैदियों की तरह राज्य स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उचित चिकित्सा सुविधा, परामर्श (काउंसलिंग) और नियमित स्वास्थ्य निगरानी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जेल परिसर में नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम भी लगातार संचालित किए जा रहे हैं।