दुर्गा पूजा पर राजधानी पटना में हाई अलर्ट, 450 अर्धसैनिक जवान संभालेंगे मोर्चा

  • Oct 07, 2026
Khabar East:Patna-on-high-alert-for-Durga-Puja-450-paramilitary-personnel-to-take-charge
पटना,07 अक्टूबरः

दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी पटना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और पूजा पंडालों में होने वाली गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने सभी थानेदारों को सतर्क रहने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। पूजा के दौरान पटना पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल की सात कंपनियां तैनात रहेंगी। करीब 450 अर्धसैनिक बल के जवान भी शहर में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। राजधानी में करीब 1600 छोटे-बड़े पूजा पंडाल बनाए जाते हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पंडालों के आसपास, मुख्य सड़कों, प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग स्थलों तथा संपर्क गलियों में लगातार पुलिस गश्त की जाएगी। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ के बीच सक्रिय रहेंगे और जेबकतरों, मोबाइल चोरों तथा झपटमारों पर नजर रखेंगे। पुलिस की नजर खास तौर पर संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी। पटना में पहले से करीब 1600 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके अलावा करीब 900 बड़े पूजा पंडालों के संचालकों को पंडाल और आसपास पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने और प्रवेश-निकास पर वालंटियर तैनात करने को भी कहा गया है।

 पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले पंडाल संचालकों पर कार्रवाई की जा सकती है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी पुलिस को सहायता मिलेगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: