राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन से पांच अगस्त तक ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह भुवनेश्वर, कटक, ब्रह्मपुर और गंजाम जिले के तप्तपाणी का दौरा करेंगी। यह जानकारी राष्ट्रपति भवन द्वारा तैयार किए गए प्रारूप कार्यक्रम (ड्राफ्ट इटिनरेरी) में दी गई है।
राष्ट्रपति भवन ने यह प्रारूप कार्यक्रम आवश्यक तैयारियों के लिए ओडिशा सरकार और संबंधित विभागों को भेज दिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू तीन अगस्त को दोपहर 2:10 बजे भुवनेश्वर पहुंचेंगी और लोक भवन में ठहरेंगी। इसके बाद वह कटक जाएंगी, जहां जगद्गुरु कृपालु विश्वविद्यालय के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
चार अगस्त की सुबह राष्ट्रपति विशेष ट्रेन से भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग से गंजाम जिले के तप्तपाणी जाएंगी और मां कंधुनी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी।
मंदिर दर्शन के बाद राष्ट्रपति के गोपालपुर स्थित सेना के एयर डिफेंस कॉलेज अथवा किसी अन्य निर्धारित स्थान पर रात्रि विश्राम करने की संभावना है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए भुवनेश्वर, कटक और ब्रह्मपुर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थलों तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। साथ ही विशेष यातायात प्रबंधन की भी व्यवस्था की जा रही है।
राष्ट्रपति के पांच अगस्त के कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण अंतिम कार्यक्रम तय होने के बाद जारी किया जाएगा।