ओपन एथलेटिक्स मीट में श्रावणी ने जीते दो स्वर्ण पदक

  • Apr 11, 2025
Khabar East:Srabani-bags-double-gold-medals-in-Open-Athletics-meet
भुवनेश्वर,11 अप्रैलः

झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित एक दिवसीय इंडियन ओपन एथलेटिक्स मीट में ओडिशा की शीर्ष महिला धावक श्रावणी नंदा ने दो स्वर्ण पदक जीते हैं। वहीं, अमिय कुमार मलिक और आस्तिक प्रधान ने एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश  नाम रोशन किया है।

श्रावणी ने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में क्रमशः 12.33 और 24.75 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता।

ओडिशा के लिए अन्य दो स्वर्ण पदक अमिय कुमार मलिक ने पुरुषों की 100 मीटर रेस-ए में 10.66 सेकंड के समय के साथ जीते और आस्तिक प्रधान ने पुरुषों की 200 मीटर रेस-सी में 21.78 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में दिल्ली की ज्योति और ओडिशा की सुखी बस्के ने क्रमश: 12.86 और 13.10 सेकंड का समय लेकर रजत और कांस्य पदक जीते।

महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में पश्चिम बंगाल की बिदिशा कुंडू और आंध्र प्रदेश की स्वाति रोंगाली ने क्रमश: 25.10 और 25.21 सेकंड का समय लेकर रजत और कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 100 मीटर रेस-ए में ओडिशा के अविनाश साहू और आदित्य तोमर ने क्रमश: 10.71 और 10.74 सेकंड का समय लेकर रेस-ए में रजत और कांस्य पदक जीता।

पुरुषों की 100 मीटर रेस-बी में हरियाणा के धर्मवीर, ओडिशा के महेंद्र सांता और मध्य प्रदेश के यतीश चौहान ने क्रमश: 10.74, 10.94 और 11.12 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।

Author Image

Khabar East

  • Tags: