बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की कथित टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कड़ी नाराजगी जताई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोलते हुए जन सुराज को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कथित जंगलराज का ‘अपडेटेड वर्जन’ करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को निंदनीय बताया। बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच प्रशांत किशोर के कथित बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव में अपनी पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर दिए गए उनके कथित बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस मामले में प्रशांत किशोर के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर आवेदन दिए जाने की भी बात सामने आई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को पढ़ा-लिखा बताने वाले व्यक्ति द्वारा संवैधानिक पद पर बैठे मुख्यमंत्री के लिए कथित तौर पर गोली मारने जैसी भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है। सरावगी ने कहा कि बिहार की जनता इस तरह की भाषा और अपशब्दों को स्वीकार नहीं करेगी। उनके मुताबिक, राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन विरोध के नाम पर इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है।