चुनाव आयोग ने पांच अधिकारियों को किया सस्पेंड

  • Apr 25, 2026
Khabar East:The-Election-Commission-has-suspended-five-officials
कोलकाता,25 अप्रैलः

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच चुनावी माहौल गर्म हो गया है, भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डायमंड हार्बर इलाके के पांच पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। यह इलाका अभिषेक बनर्जी का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है, जिससे इस फैसले की राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है। आयोग के मुताबिक, इन अधिकारियों पर चुनाव के दौरान गंभीर कदाचार और निष्पक्षता बनाए रखने में नाकामी के आरोप लगे हैं। यही वजह रही कि तुरंत सस्पेंशन के साथ-साथ इनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। सस्पेंड किए गए अधिकारियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गरई, एसडीपीओ सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाने के प्रभारी अजय बाग और उस्थी थाने की प्रभारी सुभेच्छा बाग शामिल हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, डायमंड हार्बर की एसपी इशानी पाल को भी कड़ी चेतावनी दी गई है। आयोग का कहना है कि उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं रखा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में चूक हुई।

 आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को निर्देश देते हुए कहा है कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए और शनिवार सुबह 11 बजे तक रिपोर्ट सौंपी जाए। इस सख्ती से साफ है कि चुनाव आयोग इस बार किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। वहीं, राज्य में पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ। आंकड़ों के मुताबिक करीब 92.9% मतदान दर्ज किया गया, जो लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। खास बात यह है कि किसी भी मतदान केंद्र पर दोबारा वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: