युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस की होगी जांच

  • Jun 08, 2026
Khabar East:The-argument-between-the-young-man-and-the-police-personnel-will-be-investigated
धमतरी,08 जूनः

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र से आधी रात को पुलिस और एक आम नागरिक के बीच हाई-वोल्टेज ड्रामे की खबर सामने आई थी। पोटियाडीह ब्रिज के पास फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब इस मामले की जांच के लिए धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने तीन डीएसपी की कमेटी गठित कर दी है। इसके साथ ही मामले में शामिल पुलिसकर्मियों और युवक को नोटिस जारी किया गया है।एसपी सूरज सिंह परिहार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन डीएसपी की कमेटी बनाई है। कमेटी का नेतृत्व डीएसपी मोनिका मरावी करेंगी, जिनके साथ डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव पूरे घटना की जांच करेंगे। टीम जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान लेने के साथ तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इस पूरे मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

 मिली जानकारी के मुताबिक, देर रात पुलिस पोटियाडीह ब्रिज के पास गाड़ियों की नियमित जांच कर रही थी, तभी उन्होंने एक बाइक को रोका। बाइक सवार युवक का आरोप है कि वह अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ फिल्म देखकर घर लौट रहा था। युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जांच के नाम पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, उसे थप्पड़ मारा और जबरन उसकी बाइक की चाबी छीन ली। इस दौरान युवक ने खुद मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया और अपनी पत्नी से भी वीडियो बनाने को कहा। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति और युवक राहगीरों से मदद की अपील करता नजर आ रहा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: