पटना के कंकड़बाग इलाके में शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 62 लाख 49 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने पीड़ित को फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश के लिए तैयार किया और ऐप पर लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाकर भरोसा कायम किया। शिकायत के अनुसार,ठगी का खेल 20 जून से शुरू हुआ। पीड़ित को पहले एक वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद दूसरे ग्रुप में शामिल किया गया। यहां मीरा अय्यर और आशीष नाम के लोगों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। जालसाजों ने पीड़ित से एक कथित ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। ऐप में रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार कार्ड,मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी ली गई। इसके बाद पंजाब नेशनल बैंक का खाता ऐप से जोड़ दिया गया। फर्जी ऐप पर निवेश की रकम से बढ़कर 4.73 करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसी भरोसे में पीड़ित ने 4 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कई बार रकम ट्रांसफर की। शिकायत के मुताबिक, कुल 25 लेनदेन में 62.49 लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेजे गए।
जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने मुनाफे की 75 प्रतिशत राशि कमीशन के तौर पर जमा करने की शर्त रख दी। पीड़ित ने मुनाफा छोड़कर मूल रकम वापस मांगी,लेकिन आरोपित अतिरिक्त पैसे की मांग करते रहे। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले में लेनदेन और संबंधित खातों की जांच कर रही है।