बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट से जोड़कर बंगाल को किया जा रहा बदनाम : ममता बनर्जी

  • Apr 14, 2024
Khabar East:Bengal-is-being-defamed-by-linking-it-to-Bengaluru-cafe-blast-Mamata-Banerjee
कोलकाता,14 अप्रैलः

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल से बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जलपाईगुड़ी जिले के डाबग्राम-फुलबाड़ी में एक चुनावी रैली में उन्होंने कहा कि यह घटना बेंगलुरु में घटी थी। आरोपित कर्नाटक के रहने वाले हैं। आरोपी दो घंटे तक पूर्वी मेदिनीपुर में भी रहे थे। बंगाल पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और अब कुछ लोग कह रहे हैं कि बंगाल असुरक्षित जगह है। ऐसा कहकर ये लोग राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद भी वो इंडी ब्लॉक की केंद्र में सरकार बनाने की दिशा में मदद करेगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा वक्त में राष्ट्रीय परिदृश्य अलग है, लेकिन पश्चिम बंगाल में भाजपा और माकपा दोनों ही हमारे लिए एक समान प्रतिद्वंदी हैं। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में हाल की घटना को तूल देने की कोशिश की जा रही है। संदेशखाली में एक भी हत्या नहीं हुई। वहां सब कुछ सामान्य है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: