बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (बीपीआईए), भुवनेश्वर ने वर्ष 2025 में 52.5 लाख यात्रियों को संभालकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह अब तक का सबसे अधिक यात्री यातायात है। हवाई अड्डा निदेशक प्रसन्न प्रधान ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह ओडिशा के लिए गर्व का क्षण है। पहली बार भुवनेश्वर एयरपोर्ट ने 51.5 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार किया है। यात्री यातायात के लिहाज से हम अब देश के 13वें सबसे बड़े हवाई अड्डे बन गए हैं। दो दिनों तक कोहरे के कारण बाधाएं आने के बावजूद मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत परिचालन सुचारू रूप से जारी रहा।
वर्तमान में भुवनेश्वर हवाई अड्डे से 28 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं, जिससे ओडिशा के लोगों के लिए हवाई यात्रा और अधिक सुलभ हो गई है। बढ़ती कनेक्टिविटी ने यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
राष्ट्रीय स्तर पर, दिल्ली हवाई अड्डा लगभग 7 करोड़ यात्रियों के साथ देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा बना हुआ है, जबकि मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई हवाई अड्डे शीर्ष पांच में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए हैं।