अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर रविवार की सुबह-सुबह अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुभकामनाएं देते हुए एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि साल का कोई एक खास दिन ही नहीं मेरे लिए प्रत्येक दिवस ही नारी दिवस है। पोस्ट में उन्होंने राज्य में महिलाओं के लिए चल रही विभिन्न परियोजनाओं जैसे लक्ष्मी भंडार, कन्याश्री आदि के बारे में भी जानकारी दी है। इसके साथ ही अपने इस पोस्ट के जरिए उन्होंने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। गौरतलब है कि एसआईआर के विरोध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछले 3 दिनों से कोलकाता के धर्मतल्ला में Y चैनल पर धरना दे रही हैं। अपने पोस्ट के शुरुआत में ही ममता बनर्जी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। इसके बाद उन्होंने एक कविता 'बांग्लार माटी दुर्जय घांटी' लिखा है। इस कविता में उन्होंने बंगाल को गौरवांवित करने वाली महिलाओं शहीद मातंगिनी हाजरा से लेकर कल्पना दत्त, वीणा दास, सुनीती चौधरी आदि का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि समाज के प्रत्येक स्तर पर इनका योगदान अकल्पनीय है।
इसके बाद ही केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं को रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं से हाथों में खंती लेकर काले रंग की साड़ियों में सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा कि गैस की कीमतें जिस प्रकार से बढ़ायी गयी हैं, उसका प्रभाव आम जनता के रसोई पर पड़ेगा। इसलिए आज बंगाल की महिलाएं विरोध में सड़कों पर उतरेंगी।