बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र तेज होने के मद्देनजर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मछुआरों को 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
मौसम विभाग की ताजा मछुआरा चेतावनी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव अगले कुछ दिनों में गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद इसके तमिलनाडु-आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट की ओर बढ़ने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से 16 नवंबर से मध्य और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 35 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
17 नवंबर को हवा की गति बढ़कर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, सिस्टम के गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने पर हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है, जो झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने 18 और 19 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में अति गंभीर चक्रवाती तूफान जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है। इस दौरान हवा की गति 120 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 185 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
इस अवधि में समुद्र की स्थिति बेहद खराब से अत्यंत खराब रहने का अनुमान है। समुद्र में पहले से मौजूद मछुआरों को तत्काल तट पर लौटने की सलाह दी गई है। साथ ही 21 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी के चिह्नित समुद्री क्षेत्रों में मछली पकड़ने के लिए नहीं जाने की हिदायत दी गई है।