जिला जेल महासमुंद की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक उजागर हुई है। जेल से चार विचाराधीन बंदी दीवार कूदकर फरार हो गए हैं। जेल की ऊंची दीवार कैदी कैसे फांद गए इस बात की भी जांच की जा रही है। चार कैदियों के एक साथ फरार हो जाने से जेल प्रबंधन सकते में है। आनन फानन में मामले की रिपोर्ट पुलिस को दी गई है। जेल प्रबंधन से मिली जानकारी के बाद पुलिस की टीमें लगातार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बंदियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें डॉक स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमों की भी मदद ले रही है लेकिन अभी तक कोई भी बंदी पकड़ा नहीं जा सका है। कोतवाली पुलिस लगातार मुखबिरों के जरिए बंदियों की पतासाजी करने में जुटी है। बंदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर कैसे फरार हो गए इस बात को लेकर हड़कंप की स्थिति है। पता लगाया जा रहा है कि बंदियों को भागने में किसी ने मदद तो नहीं की।
शक जताया जा रहा है कि चारों बंदी आज सुबह 3 से 4 बजे के बीच जेलकी पिछली ओर बने दीवार को फांदकर फरार हुए हैं। सुबह जब चारों बंदियों की हाजरी नहीं हुई और साथी बंदियों ने उनको नहीं देखा तो पता चला कि चारों फरार हो चुके हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए जेल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। डॉग स्क्वाड की मदद से जेल के आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग की जा रही है।