कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले 48 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को दोबारा कारोबार शुरू करने की अनुमति दे दी है। इन प्रतिष्ठानों को निगम के स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा शाखा की जांच के बाद बंद करने का आदेश दिया गया था। कुल 70 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई थी। नगर निगम के सूत्रों के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ खराब गुणवत्ता वाले भोजन, खाद्य सामग्री के अस्वच्छ भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद 42 होटल और रेस्तरां के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए थे, जबकि 28 अन्य प्रतिष्ठानों के खाद्य पंजीकरण प्रमाणपत्रों पर रोक लगा दी गई थी। त्योहारी मौसम से पहले जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से की गई इस व्यापक कार्रवाई ने शहर के कारोबारियों के बीच बहस छेड़ दी थी। केएमसी ने पहले ही संकेत दिया था कि यदि संबंधित प्रतिष्ठान अपने रसोईघर और बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर कर स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करते हैं, तो उनके खिलाफ लगाए गए प्रतिबंधों की समीक्षा की जा सकती है। इसके बाद प्रतिष्ठानों के मालिकों ने जरूरी सुधार किए और दोबारा अनुमति के लिए आवेदन किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर रसोईघर, कच्चे माल के भंडारण और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। जांच के बाद योग्य पाए गए प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और प्रमाणपत्र बहाल करने का फैसला लिया गया।
अब तक 42 निलंबित खाद्य लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों में से 31 को दोबारा कारोबार शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, जिन 28 प्रतिष्ठानों के पंजीकरण प्रमाणपत्रों पर रोक लगाई गई थी, उनमें से 17 को अनुमति दी गई है। इस तरह कुल 70 में से 48 प्रतिष्ठानों को राहत मिल चुकी है। बाकी प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों और स्वच्छता व्यवस्था का सत्यापन जारी है। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, निर्धारित नियमों और स्वच्छता मानकों का पालन करने वाले कारोबारियों को निगम की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। इस फैसले को शहर में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए गए अभियान के बाद प्रतिबंधों में चरणबद्ध ढील के तौर पर देखा जा रहा है।