कोलकाता में अदाणी आरोग्‍य मंदिर का शिलान्‍यास

  • Sep 24, 2026
Khabar East:Foundation-stone-laid-for-Adani-Arogya-Mandir-in-Kolkata
कोलकाता,24 सितंबरः

पश्चिम बंगाल के मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को कोलकाता के न्यू टाउन में 2,000 बेड के अस्पताल 'अदाणी आरोग्य मंदिर' की आधारशिला रखी। ये अस्‍पताल 2,000 बेड वाला सुपर स्‍पेशियलिटी अस्‍पताल होगा और सैकड़ों लोगों के लिए नौकरी और रोजगार के अवसर खोलेगा। गौतम अदाणी के साथ उनकी पत्‍नी प्रीति अदाणी और बेटे करण अदाणी  भी भूमि पूजन और मंचीय कार्यक्रम में मौजूद रहे। गौतम अदाणी ने कहा कि आज भारत एक बार फिर पूर्व की ओर देख रहा है। खासतौर से पश्चिम बंगाल की ओर, जहां विकास की खूब संभावनाएं हैं। अदाणी ग्रुप भी इसमें हाथ बंटाएगा। उन्‍होंने कहा कि 2,000 बेड वाले अदाणी आरोग्‍य मंदिर एक सुपरस्‍पेशियलिटी वर्ल्‍ड क्‍लास अस्‍पताल होगा और इसका 'दिल' होगा- मेडिकल कॉलेज, जहां हेल्‍थ रिसर्च को खूब बढ़ावा दिया जाएगा।' अदाणी आरोग्‍य मंदिर एक 'नॉट फॉर प्रॉफिट' मेडिकल इंस्‍टीट्यूट होगा। यानी लाभ कमाना इसका उद्देश्‍य नहीं होगा। उन्‍होंने ये भी बताया कि 2,000 बेड वाले इस अस्‍पताल में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित होंगे।

 इस संस्थान के केंद्र में एक मेडिकल कॉलेज होगा, जिसे उन्नत अनुसंधान और देखभाल सुविधाओं का समर्थन मिलेगा। अस्पताल, कॉलेज और अनुसंधान सुविधाओं में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। अनुमान है कि इससे राज्य के स्वास्थ्य सेवा सिस्‍टम में 10,000 से अधिक नौकरियां पैदा होंगी।

 गौतम अदाणी ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कहा कि सुभेंदु अधिकारी जी एक सच्चे 'भूमिपुत्र' हैं, जिनसे राज्य की जनता नौकरियों, इंफ्रास्ट्रक्‍चर, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा को लेकर बड़ी उम्मीदें रखती है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बंगाल आने वाली संभावनाओं को नए सिरे से परिभाषित करेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: