राज्य में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए चार नये क्षेत्रीय एयरपोर्ट विकसित किये जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) के बीच 23 सितंबर को त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होंगे। नबान्न सभागार में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रस्तावित चार क्षेत्रीय एयरपोर्ट पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरदुआर के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में विकसित किये जाएंगे। इनमें हासीमारा और कलाईकुंडा भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण बेस हैं। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार जमीन, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। संपर्क सड़कों और बुनियादी सुरक्षा की व्यवस्था भी राज्य की जिम्मेदारी होगी। केंद्र सरकार एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे के विकास का काम संभालेगी, जबकि एएआइ हवाई यातायात संबंधी जिम्मेदारी निभाएगा। यह समझौता केंद्र की संशोधित ‘उड़ान 6.0’ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत किया जा रहा है।
प्रस्तावित परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य के अपेक्षाकृत दूरवर्ती इलाकों में हवाई संपर्क को बढ़ावा देना है। अधिकारियों के अनुसार, इससे पुरुलिया, दक्षिण दिनाजपुर, अलीपुरदुआर और पश्चिम मेदिनीपुर में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के लिए बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन व संबंधित जिलों के सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे। राज्य सरकार की ओर से परियोजनाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।