बिहार के बेगूसराय में बड़ा हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार और ट्रक में जबरदस्त टक्कर हुई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीन दारोगा समेत चालक की मौत हो गई। इस घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा स्थित एनएच 31 के पास गुरुवार की रात की है। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार एवं सदर डीएसपी आनंद पांडे सहित भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक सभी पुलिस अधिकारियों की पहचान साजन पासवान, नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमर एवं चालक नीरज कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरार थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमर, सभी थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापित थे। पटना से एकदिवसीय प्रशिक्षण लेकर एक ही गाड़ी पर सवार होकर मधेपुरा जिला लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि दो थाना प्रभारियों ज्ञानेंद्र अमर एवं नीरज कुमार और ड्राइवर नीरज कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक थाना प्रभारी साजन पासवान को स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में आनन-फानन में सदर अस्पताल बेगूसराय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर के बाद उनकी भी मौत हो गई।
इन तीन पुलिस अधिकारियों समेत चार लोगों की मौत की खबर लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। हालांकि इस घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गए। घटना के संबंध में एसपी मनीष कुमार ने बताया, यह हादसा देर रात हुआ। इसमें चार लोगों की मौत हो गई, घटना की जांच चल रही है. पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद जो भी कानूनी प्रक्रिया है, उसका पालन किया जा रहा है।