पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत आर्थिक सहायता पाने के लिए गलत या अधूरी जानकारी देकर आवेदन करने वालों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री मालती रावा राय ने कहा कि कई लोगों ने ऑनलाइन आवेदन के दौरान जानकारी छिपाई है। ऐसे सभी आवेदनों का घर-घर जाकर सत्यापन किया जा रहा है और जो लोग योजना की पात्रता पूरी नहीं करेंगे, उनके नाम लाभार्थियों की सूची से हटा दिए जाएंगेरथ यात्रा के अवसर पर कूचबिहार शहर में आयोजित एक दुर्गा पूजा के ‘खूंटी पूजन’ कार्यक्रम में शामिल हुईं मंत्री मालती रावा राय ने कहा कि राज्य सरकार को काम संभाले अभी केवल दो महीने हुए हैं। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि जो भी पात्र होंगे, उन्हें सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अवश्य मिलेगा। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक सहायता केवल वास्तविक पात्र महिलाओं तक पहुंचे।
मंत्री ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया है। कई मामलों में दोनों आवेदनों में अलग-अलग जानकारियां दर्ज की गई हैं, जिसके कारण सत्यापन प्रक्रिया में अधिक समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक आवेदन की विस्तार से जांच कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या गलत जानकारी सामने आने पर उचित कार्रवाई की जा सके।
सरकार का कहना है कि लाभार्थियों की सूची अंतिम रूप देने से पहले सभी आवेदनों का सत्यापन पूरा किया जाएगा। इसके बाद ही पात्र महिलाओं को योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि किसी अपात्र व्यक्ति को सरकारी लाभ न मिल सके।