चुनाव से पहले क्षिति गोस्वामी की दूसरी बेटी भाजपा में शामिल

  • Feb 17, 2026
Khabar East:Kshiti-Goswamis-second-daughter-joins-BJP-ahead-of-elections
कोलकाता,17 फरवरीः

विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व वामफ्रंट नेता व राज्य के पूर्व मंत्री स्व. क्षिति गोस्वामी की बेटी कस्तुरी गोस्वामी ने भाजपा का झंडा थाम लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और विधानसभा में विरोधी पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में मंगलवार को कस्तुरी गोस्वामी ने भाजपा का दामन थामा। कस्तुरी के साथ ही पूर्व NSG दीपांजन चक्रवर्ती और सीआरपीएफ के पूर्व कर्मी विप्लव विश्वास भी भाजपा में शामिल हुए। वामपंथी सरकार के प्रभावशाली नेता क्षिति गोस्वामी के आंगन में विपरीत दिशा में हवा का बहना काफी पहले ही शुरू हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद उनकी बेटी वसुंधरा तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गयी। वर्ष 2021 में कोलकाता नगर निगम के चुनाव में वसुंधरा गोस्वामी ने तृणमूल की ओर से चुनाव भी लड़ा था। अब उनसे अलग उनकी बहन कस्तुरी गोस्वामी ने भाजपा का झंडा थाम लिया। मंगलवार को शमीक भट्टाचार्य ने विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के प्रति अपना विश्वास जताया।

 वहीं, दूसरी ओर तृणमूल के प्रवक्ता ने इस योगदान को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में चार्टर्ड विमान से योगदान करने गए थे और ऑटोरिक्शा से वापस लौट आए। इस बार चार्टर्ड प्लेन तो नहीं है इसलिए पैदल ही जा रहे हैं और एक फोटो खींच रहे हैं। शायद ओला (Ola) का किराया भाजपा दे रही है। इसका चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वहीं कस्तुरी की दीदी वसुंधरा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी में शामिल होने का मामला व्यक्तिगत फैसला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बहन के साथ उनके रिश्ते ज्यादा अच्छे नहीं हैं। इस कारण भाजपा में शामिल होने की बात को लेकर कोई भी टिप्पणी करने का सवाल ही नहीं उठता है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: