अब रांची एयरपोर्ट पर आपका सफर न सिर्फ आरामदायक होगा, बल्कि सेहत के लिहाज से और भी सुरक्षित होने जा रहा है। यात्रियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की सुरक्षा के लिए यहां एक बेहद महत्वपूर्ण पहल की गई है। भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल, रांची की ओर से एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में एक अत्याधुनिक मेडिकल रूम की शुरुआत की गई है। इसका भव्य उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया। अब किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार और इमरजेंसी मेडिकल हेल्प मिल सकेगी। इतना ही नहीं, टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर वेंटिलेटर और जीवनरक्षक उपकरणों से लैस एक हाई-टेक एंबुलेंस भी तैनात की गई है, जो रोज सुबह 7 बजे से लेकर आखिरी फ्लाइट के उड़ान भरने तक मुस्तैद रहेगी।
भगवान महावीर मणिपाल हॉस्पिटल के डायरेक्टर आबिद तौकीर का कहना है कि हमारा मकसद गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं देना है। यह सुविधा गंभीर स्थिति में मरीजों को तुरंत बेहतर इलाज तक पहुंचाने में संजीवनी का काम करेगी। उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी कई बड़ी बातें कहीं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण में सबसे बड़ी बाधा जमीन का न मिलना है, और इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार की गंभीरता पर सवाल उठाए।