रील बनाना दो युवकों को पड़ा महंगा, नहर में डूबने से हुई मौत

  • Jun 07, 2026
Khabar East:Making-a-reel-proves-costly-for-two-youths-they-drown-in-a-canal
पटना,07 जूनः

बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले में बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमवा मझार स्थित तिरहुत मुख्य गंडक नहर में रविवार को रील (वीडियो) बनाने के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मझौलिया अंचलाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान धर्म कुमार (18) और करण कुमार (19) के रूप में की गई है। दोनों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारी टोला गांव के निवासी थे। कुमार ने बताया कि धर्म कुमार और करण कुमार अपने कुछ साथियों के साथ अमवा मझार के समीप गंडक नहर के किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान वह मोबाइल फोन से रील बनाने में व्यस्त थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक वीडियो बनाने के क्रम में संतुलन बिगड़ जाने की वजह से नहर के गहरे पानी में गिर गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।

 सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नहर से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया भेज दिया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: